माइक्रो फाइनेंस के नाम पर ठगी, लाखों रुपए लेकर गायब हुई महिला, पुलिस के चक्कर लगा रही महिलाएं

रिपब्लिक टुडे,बैतुल।

मध्य प्रदेश में बैतूल के करीबी कस्बे खेड़ी सांवलीगढ़ की 30 से ज्यादा महिलाओं के साथ माइक्रो फाइनेंस के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महिलाओं ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर उनके साथ हुई ठगी की शिकायत की। उन्होंने समूह की अध्यक्ष रही एक महिला पर आरोप लगाया है कि वह उनके रुपए लेकर भाग गई है।

बेवी विश्वकर्मा ठगी का शिकार महिला।

समूह की सदस्य सुनिता पत्नी रामचरण और रेखा बाई पत्नी प्रयागराज बास्कर (48) ने बताया कि उनके समूह की अध्यक्ष कला बाई ने चिचोली स्थित एक माइक्रो फाइनेंस बैंक से उनके नाम से लोन उठाया था। उनसे कहा था कि इस लोन की किश्त वह चुकाएगी। लेकिन सारी रकम लेकर महिला भाग निकली। अब बैंक से किश्त की वसूली के लिए रोज उनके पास एजेंट आ रहे हैं। किश्त न चुकाने पर उन्हें धमकाया जा रहा है कि वे रुपयों के बदले उनका कोई भी सामान उठा ले जाएंगे। इससे समूह की महिलाएं प्रताड़ित हो रही हैं। महिलाओं ने इस मामले में जांच कर महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है की इन महिलाओं के नाम पर 3 अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों से किश्तों पर लोन लिया गया था। इनमें 40 से 60 हजार रुपए तक की रकम शामिल है। यह पूरी रकम करीब 15 से 17 लाख रुपए हो रही है। फिलहाल शुक्रवार सभी महिलाएं अपनी समस्या को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची और मामले का निराकरण कर पैसे वापस दिलाए जाने की गुहार लगाई है।