Pipriya वेयरहाउस की दीवार तोड़कर 70 कट्टी मूंग चुराई, ट्रक समेत एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने 30 कट्टी मूंग बरामद कीं, चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी
रिपब्लिक टुडे, पिपरिया। यहां नगर में लगातार बढ़ रही अनाज चोरी की सक्रियता और वारदात के बीच मंगलवारा थाना पुलिस ने एक और मामले का खुलासा किया है। चोरों ने इस बार शासकीय मूंग से भरे चेतन्य वेयरहाउस को निशाना बनाया था। न्यू गल्ला मंडी के पास स्थित वेयरहाउस में शातिर चोर शटर के नीचे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और 70 कट्टी मूंग लेकर चंपत हो गए। मामले में पिपरिया पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 30 कट्टी मूंग और वारदात में इस्तेमाल ट्रक बरामद किया है। चोरी में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

तीन दिन बाद खुला चोरी का मामला, दीवार टूटी मिली
वेयरहाउस संचालक राजेन्द्र कुमार सोडानी (63), निवासी जाकिर हुसैन वार्ड, ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 19 अक्टूबर की शाम 5 बजे वेयरहाउस में ताला लगाया था। 20 और 21 अक्टूबर को शासकीय अवकाश होने के कारण वेयरहाउस नहीं खुला। 22 अक्टूबर को ताला खोलकर अंदर जांच की तो न्यू गल्ला मंडी की ओर शटर के नीचे की दीवार टूटी मिली। गिनती में अंदर रखी मूंग की 70 कट्टी गायब थीं। शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया आरोपी
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हम्माली मोहल्ला निवासी रितेश उर्फ रामदेव केवट पौड़ी रोड क्षेत्र में घूम रहा है। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर वेयरहाउस से मूंग चोरी करने और ट्रक से ले जाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर 30 कट्टी मूंग और वारदात में इस्तेमाल ट्रक बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। चोरी की बाकी 40 कट्टी मूंग की बरामदगी और फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस जांच कर रही है। नर्मदापुरम एसपी साईं कृष्ण एस. थोटा के निर्देशन पर की गई इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक आदित्य सेन, सउनि पर्वत सिंह, प्र.आर. 617 उपेन्द्र दुबे, प्र.आर. अरुण जुदेव, आर. हेमंत पटेल, आर. मोहसीन खान, आर. ललित हरणे, आर. राधेश्याम पवार, आर.शिवम् वर्मा, आर. गुरुप्रसाद पवार की उल्लेखनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट – लोकेश मालवीय पिपरिया।
