कांग्रेस की मांग, मंत्री विजय शाह के खिलाफ कार्यवाई हो, राज्यपाल से मिलकर सौपा ज्ञापन

कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में मंत्री विजय शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

रिपब्लिक टुडे,भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में आज कांग्रेस विधायक प्रतिनिधिमंडल ने माननीय राज्यपाल महोदय से मुलाकात कर कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन के प्रस्ताव पर पुनर्विचार एवं मंत्री के खिलाफ उचित कार्रवाई के निर्देश देने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
नेता प्रतिपक्ष के साथ इस मौके पर विधायक आरिफ मसूद एवं सुरेश राजे भी उपस्थित रहे।

Advertisement
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार सहित एमएलए सुरेश राजे और आरिफ मसूद ने कार्यवाई की मांग की।

माननीय राज्यपाल से मुलाकात के बाद उमंग सिंघार ने कहा कि दूसरों को देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने वाली भाजपा राष्ट्र का अपमान करने से कभी पीछे नहीं हटी है। कर्नल सोफिया कुरैशी का अपमान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सेना, महिला और देश का अपमान है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी बदनामी से बचने के लिए राज्यपाल को बीच में ला रही है। उन्होंने कहा, अगर गलती सरकार की है तो राज्यपाल को बीच में क्यों लाया जा रहा है। सिंघार ने कहा कि जब कैबिनेट के पास विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति देने और उन्हें मंत्री पद से हटाने का अधिकार है, तो मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार ने ऐसा क्यों नहीं किया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं की बात करती है, लेकिन देश की बेटी का अपमान होने के बावजूद पूरी सरकार और भाजपा के नेता चुप हैं। नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि वे इस मामले में पुनर्विचार करें और सरकार को मंत्री के खिलाफ केस चलाने के निर्देश दें।
सिंघार ने बताया कि राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि वे मामले में पुनर्विचार करेंगे और सरकार से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उम्मीद है कि राज्यपाल इस मामले में उचित निर्णय लेंगे।

Advertisement